July 21, 2024

खेतों में महक रहे धान

खेतों में महक रहे धान
टुकुर-टुकुर देख रहा लॉन 

धरती से बतियाती ओस
भीगी-भीगी लगती रात
सर्दी की गुनगुनी छुवन
डाल-डाल और पात-पात
ठाँव-ठाँव पाँव के निशान
टुकुर-टुकुर देख रहा लॉन

चहक उठे चिड़ियों के झुंड
आपस में साधे सुर ताल
धोखा है बीच में खड़ा 
भूख भी नहीं सकते टाल
शायद कुछ मिल जाए दान
टुकुर-टुकुर देख रहा लॉन

गर्म हवा राजनीति की
मेड़ों पर कर रही सलाह
ठंडे हैं सूरज के बोल
सिमट रही बरगद की छाँह
कुहरे में क्या करे किसान 
टुकुर-टुकुर देख रहा लॉन। 

-डॉ. अशोक अज्ञानी 

No comments:

Post a Comment